संभल। अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा आयोजित थाना भ्रमण कार्यक्रम में मंगलवार को नवाब महमूद अंसारी गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने रायसत्ती थाने का भ्रमण किया। छात्राओं को पुलिस की कार्यशैली से लेकर एफआईआर और विवेचना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कहा गया कि छात्राओं को किसी भी तरह की परेशानी है तो उसकी सूचना हेल्पलाइन नंबरों पर दें, पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी। थाना रायसत्ती भ्रमण में 35 छात्राएं शामिल हुईं। इस दौरान छात्राओं को थाना प्रभारी बोबिंद्र कुमार ने महिला हेल्प डेस्क, थाना कार्यालय का भ्रमण कराया। उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए थाने में अलग से महिला हेल्प डेस्क बनी है। जहां महिला पहुंचकर अपनी बात बताएगी। समस्या को लेकर तहरीर देगी। उसकी समस्या का निस्तारण नहीं होगा तो एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि एफआईआर दर्ज कैसे होगी और एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस विवेचना किस तरह करती है। विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई के बारे में भी जानकारी दी। थाना प्रभारी ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090 और 1076 के बारे में भी जानकारी दी। कहा कि अगर किसी छात्रा को कोई परेशानी है तो वह इन नंबरों पर सूचना दे सकती है। पुलिस तुरंत मौके पर जाकर कार्रवाई शुरू करेगी। संबंधित छात्रा का नाम भी गोपनीय रखा जाएगा। डायल 112 पर भी सूचना दी जा सकती है।
महिला कांस्टेबल सोनम ने भी छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी दी। कहा कि छात्राओं को अपराध होने पर चुप नहीं रहना है। बल्कि उस अपराध के खिलाफ आवाज उठानी है। पुलिस तक मामला पहुंचेगा तो कार्रवाई की जाएगी। कहा कि छात्राएं आत्मविश्वास के साथ शिक्षा ग्रहण करने का काम करें। इस बीच छात्राओं ने जो सवाल किए उनके जवाब भी दिए गए। इस दौरान कॉलेज के संयोजक सईद अख्तर इसराइली भी रहे।