चंदौसी। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में अब लर्निंग आउटकम कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। इसके माध्यम से कक्षा नौ और दसवीं के छात्र-छात्राओं को अंग्रेजी, गणित व विज्ञान विषय आसानी से पढ़ाया जा सकेगा। इसके लिए शिक्षक राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद से आई लर्निंग आउटकम पाठ्य सामग्री से कक्षा नौ और 10 के विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे। विभाग ने इसको लेकर तैयारी शुरू कर दी है।
जिले में राजकीय, वित्तविहीन व सहायता प्राप्त करीब 232 माध्यमिक विद्यालय हैं। इन विद्यालयों के कक्षा नौ और दसवीं के बच्चों के लिए लर्निंग आउटकम कक्षाएं संचालित की जाएंगी ताकि विद्यार्थी गणित, विज्ञान और अंग्रेजी में दक्ष हो सकें। डीआईओएस श्यामा कुमार ने बताया कि लर्निंग आउटकम का मतलब है कि बच्चों ने किसी विषय में कितना ज्ञान अर्जित किया है और उसका समय पर मूल्यांकन करना। साथ ही, सुनकर पढ़कर, खेलकर, बातचीत से सीखने के तरीका को बताना।
डीआईओएस ने बताया कि पहले लर्निंग आउटकम कक्षाएं बेसिक शिक्षा विभाग में ही संचालित थीं। अब विभाग ने इन कक्षाओं को माध्यमिक विद्यालयों में संचलित करने के निर्देश दिए है। शिक्षक राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद से आई लर्निंग आउटकम की पुस्तकें राजकीय, सहायता प्राप्त स्कूलों में दी जाएंगी। इन पुस्तकों के माध्यम से शिक्षक विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषय विद्यार्थियों को आसानी से समझा सकेंगे।