बहजोई। सरकारी योजनाओं में अपात्रों को लाभ दिलाए जाने का मामला सामने आने पर कार्रवाई तय है। इसके लिए पूरी बारीकी से मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन करें। जिससे कि पात्र लाभार्थियों को ही योजनाओं का लाभ मिले। यह बात जिलाधिकारी संजीव रंजन ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान कही।
उन्होंने सोमवार दोपहर कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान विभिन्न विभागों व कार्यदायी संस्थाओं को चेताते हुए कहा कि निर्माणाधीन कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके अलावा डीएम ने किसानों से जुड़ीं योजनाओं पर बेहतर काम करने तथा स्वास्थ्य विभाग के आरोग्य व गोल्डन कार्ड आदि योजनाओं का सही से संचालन कराने की बात कही।
वहीं गौशालाओं में पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण समेत चारे व पीने के पानी की व्यवस्था को दुरुस्त रखने को कहा। डीएम ने कहा कि सभी अधिकारी आपस में सामंजस्य बनाकर श्रमिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी उमेश कुमार त्यागी, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अजय कुमार सक्सेना समेत डीसी मनरेगा बलवंत सिंह, पीडी रमेश चंद्र डीपीआरओ जाहिद हुसैन, बीएसए वीरेंद्र प्रताप सिंह आदि संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।