धनारी। जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन डालने के लिए कई गांवों में गलियां खोद डाली गईं, लेकिन लोगों को पानी फिर भी नसीब नहीं हुआ। ऐसा ही गांव धनारी पट्टी लाल सिंह भी है, जहां एक साल से काम बंद चल रहा है और लोग ऊबड़-खाबड़ सड़कों से गिरते-पड़ते निकल रहे हैं।
गांव में हर घर पेयजल की सुविधा देने के लिए जल जीवन मिशन के तहत धनारी पट्टी लाल सिंह का मजरा मीणा की मड़ैया में एक वर्ष पूर्व ओवरहैड टैंक की नींव रखी गई थी। टैंक का काम तो आगे नहीं बढ़ा, लेकिन पाइप लाइन डालने के लिए गांव की गलियों को खोद डाला गया। गांव के मुख्य रास्ते में पाइप लाइन नहीं पड़ी है, लेकिन लाइन को जोड़ा नहीं गया है। एक वर्ष से काम बंद है।
गांव में डाली गई पाइप लाइन पर ही 3,72,034 रुपये खर्च किए गए हैं। गांव के ही जयवीर सिंह ने बताया कि हर ग्रामीण को पानी की सप्लाई देने के लिए गलियों में पानी के पाइप लाइन डाल दी गई, लेकिन कोई सुविधा नहीं मिली। इसी गांव के होरीलाल का कहना है कि सरकार के लाखों रुपये खर्च होने के बाद ग्रामीणों को कोई लाभ नहीं हुआ। भूरे पठान का कहना है कि गांव में टैंक का निर्माण कार्य एक वर्ष से काम बंद है। इसी तरह दामोदर ने बताया कि सरकार की योजना अधूरी पड़ी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने कार्य को पूरा कराने का प्रयास नहीं किया।