चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के गांव करेली के रहने वाले युवक अमृत सिंह (18) की नोएडा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
युवक नोएडा के गांव घोड़ी बछेड़ी में अपने एक साथी के साथ रह कर पुताई का कार्य करता था। शुक्रवार को जब शव गांव पहुंचा तो परिवार में चीख पुकार मच गई। वहीं परिजन हत्या की आशंका जाहिर कर रहे हैं।परिजनों के मुताबिक अमृत सिंह अपने दोस्त सुखबीर के साथ नोएडा के घोड़ी बछेड़ी गांव में रह कर पुताई आदि मजदूरी का कार्य करता था। घटना के वक्त रात में वह कमरे में लेटा हुआ था।
तभी अमृत सिंह टायलेट जाने की बात कहकर कमरे से बाहर चला गया। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो साथी सुखवीर ने उसे कॉल की। युवक ने उसे फिर फोन करने की बात कहकर फोन काट दिया।
इसके बाद सुखवीर ने कई बार फोन पर संपर्क करने की कोशिश की लेकिन बात नहीं हो पाई। सुबह काम पर जाने के समय ठेकेदार बंटी ने अमृत सिंह को फोन तो एक सिपाही ने कॉल रिसीव की और अमृत सिंह की मौत की सूचना देते हुए मृतक के परिजनों का नंबर मांगा।
पुलिस ने बताया कि उसके चार्चा मनोज से संपर्क किया और बताया कि नोएडा के अजयपुर जंक्शन और वोडा जंक्शन के बीच ट्रैक पर अमृत सिंह का शव मिला है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव करेली पहुंचा तो चीख पुकार मच गई। पिता धर्मवीर ने हत्या की आशंका जताई है। संवाद