सिरसी में दो पक्षों के बीच गाली-गलौज के बाद मारपीट हो गई। पथराव और फायरिंग भी की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस इस मामले में अपने स्तर से कार्रवाई कर सकती है। इस विवाद में एक पक्ष सभासद का बताया जा रहा है।
सोमवार की रात करीब साढे़ नौ बजे हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के कस्बा सिरसी अंतर्गत मोहल्ला सादक सराय में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। यह विवाद उस समय हुआ जब एक पक्ष के कुछ युवक अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठे हुए थे। आरोप है कि दूसरे पक्ष की ओर से गाली-गलौज की गई। इसी बात पर कहासुनी हुई और मारपीट हो गई। दोनों पक्ष के अन्य लोग आमने-सामने आ गए। पथराव और फायरिंग भी की गई। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर पथराव व फायरिंग कर रहे लोग भाग गए। एक पक्ष के मोहम्मद तौफीक का कहना है कि उनके बच्चे कुर्सी पर घर के बाहर बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान सभासद ने गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। जिसके बाद विवाद हो गया। वहीं दूसरे पक्ष ने भी गाली गलौज करने का आरोप लगाया है। हिरासत में सभासद को लिया गया है। हजरतनगर गढ़ी थाना प्रभारी रामवीर सिंह ने बताया कि पथराव और फायरिंग की गई है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।