मढ़न (संभल)। असमोला थाना क्षेत्र के गांव मालपुर मिलक में बुधवार की सुबह तालाब के बराबर की खाली भूमि पर मिट्टी का भराव डालने के विरोध में डंपर चालकों और ग्रामीणों में जमकर पथराव-फायरिंग हुई। फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हो गया। थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
गांव मालपुर की मिलक में करीब 39 बीघा भूमि है। यह भूमि गांव के ही लोगों क नाम थी, जिसे अब बेच दिया गया है। इसी भूमि के बराबर में तालाब है, जिसका पानी इस भूमि तक पहुंचता है। बुधवार की सुबह कुछ लोग डंपर लेकर पहुंचे भूमि पर भराव डालना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने भूमि तालाब की कहते हुए विरोध जताना शुरू कर दिया। मामला बढ़ने पर भराव डालने वाले और ग्रामीणों में पथराव शुरू हो गया। साथ ही कुछ लोगों ने फायरिंग भी की।
थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि मुरादाबाद के निवासी दिव्यांशु चौधरी के नाम यह भूमि है। दो दिन पहले ही राजस्व और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश की थी। जिसके बाद चिन्हांकन हुआ। दिव्यांशु ने इस मामले में तहरीर दी है। जिसमें बताया कि मिट्टी डालने पहुंचे तो लोगों ने डंपरों में तोड़फोड़ की और मारपीट की। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।