संभल। नगर के शंकर इंटर कॉलेज चौराहा पर भगवान श्री कल्कि के गुरु भगवान परशुराम की डेढ़ क्विंटल पीतल की भव्य प्रतिमा स्थापित कर दी गई। इस प्रतिमा का अनावरण कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बहजोई में किया गया था। विधिवत पूजा अर्चना के बाद प्रसाद वितरित किया गया।
सोमवार को शंकर इंटर कॉलेज चौराहा पर स्थापित की गई भगवान परशुराम की भव्य प्रतिमा की विधिवत पूजा अर्चना जूना अखाड़ा के महासचिव डॉ. कर्णपुरी महाराज ने संपन्न कराई। पूजा अर्चना में क्षेमनाथ तीर्थ के महंत बालयोगी दीनानाथ के अलावा नगर हिंदू सभा अध्यक्ष कमलकांत तिवारी, बनवारी लाल पाठक, प्रदीप शुक्ला, संजीव शर्मा, प्रभाकर शुक्ला, गंगा सरन शर्मा, संजय सांख्यधर यजमान के रूप में रहे।
24 कोसीय मासिक परिक्रमा समिति के अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने बताया कि समिति द्वारा समाज के सहयोग से लगभग डेढ़ क्विंटल पीतल से निर्मित दिव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा का फाउंडेशन राजस्थान से मंगाए गए लाल पत्थर से बनवाया गया है और उस पर लाल पत्थर की छतरी तैयार कर इसकी शोभा को और भी अलौकिक बनाया गया है। कहा कि भगवान श्री कल्कि का अवतार संभल में होगा और भगवान परशुराम उनके गुरु रहे।
भगवान परशुराम ने अन्याय से लड़ने, धर्म मार्ग पर चलने, शास्त्र और शस्त्र दोनों की शिक्षा जीवन में धारण करने का संदेश दिया। उन्हीं के आदर्शों और शिक्षा को जनमानस तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह प्रतिमा स्थापित की गई है। कार्यक्रम में तमाम श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान डॉ. अरविंद गुप्ता, नितिन गर्ग, कुलदीप ऐरन, राजेश सिंघल, गणेश शर्मा, रामकिशन ठकराल, सौरभ गुप्ता, मुकेश शर्मा, भूपेंद्र शर्मा, महेश शर्मा आदि रहे।