मुस्लिम भाई के घर भात मांगने पहुंचीं राज्यमंत्री।
- फोटो : मुस्लिम भाई के घर भात मांगने पहुंचीं राज्यमंत्री।
चंदौसी। माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गुलाब देवी सोमवार की शाम मुस्लिम भाई मोहम्मद सलीम सैफी के घर बेटी के शादी के लिए भात मांगने पहुंची। यहां मुस्लिम भाई ने बहन का परिवार समेत स्वागत किया। पूरे घर में खुशी का माहौल दिखाई दिया।
राज्यमंत्री गुलाब देवी और जारई गेट निवासी कांग्रेस नेता सलीम सैफी के बीच 25 साल से भाई-बहन का पवित्र रिश्ता है। राज्यमंत्री रक्षाबंधन पर घर पहुंचकर सलीम को राखी बांधती हैं। उन्हें भाई दूज भी तिलक करती हैं। सलीम भी भाई का फर्ज बखूबी निभाते हैं। उनकी बेटियों की शादी में भात देने पहुंचते हैं। एक-दूसरे के सुख दुख में शामिल होते हैं। 16 फरवरी को राज्यमंत्री की सबसे छोटी बेटी ब्लॉक प्रमुख डॉ. सुगंधा सिंह की शादी है। शादी से पहले सोमवार की शाम राज्यमंत्री सलीम सैफी के घर भात मांगने पहुंचीं।
भाई सलीम ने पहले ही उनके स्वागत की तैयारी की थी। जैसे ही राज्यमंत्री उनके घर पहुंचीं तो सलीम ने परिवार समेत उनको शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। राज्यमंत्री ने भाई को मिठाई भेंटकर आमंत्रित किया। इससे पहले भी सलीम ने राज्यमंत्री की दो बेटियों की शादी में भात भरकर भाई का फर्ज निभाया था।