बहजोई। कोल्ड स्टोरेज में आलू रखने के किराये में बढ़ोतरी व मक्का के बीज की ओवर रेट बिक्री से नाराज भाकियू अअ ने सोमवार को कलक्ट्रेट पर डीएम को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह का कहना था कि वर्ष 2025 में आलू भंडारण में किसानों के आर्थिक शोषण किया जा रहा है। जिले में कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन ने भंडारण का शुल्क 320 रुपये प्रति क्विंटल रखा गया है। उन्होंने कहा कि आलू भंडारण में किराया वृद्धि से उत्पादक व उपभोक्ता दोनों को ही मुश्किल रहेगी। आलू भंडारण के लिए होने वाली इस गैर जरूरत वृद्धि को रोका जाए।
वहीं, दूसरी ओर जिले के अधिकांश क्षेत्र में जायद की मक्का की बुवाई की जाती है। बीते दिनों की तुलना में इस बार मक्का का बीज 200 से 250 रुपये प्रति क्विंटल बेचकर किसानों के साथ खुली लूट की जा रही है। साथ ही मक्का की फसल की बिक्री के लिए शासन स्तर से क्रय केंद्र की व्यवस्था की जाए। ज्ञापन पर प्रदेश सचिव आशिक रजा समेत ऋषिपाल सिंह, मोरध्वज यादव, जयवीर सिंह यादव व किशनलाल आदि के नाम हैं।