बबराला। थाना क्षेत्र के गांव जिजोड़ा में बृहस्पतिवार सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन लेकर फरार हुए चालक को पुलिस ने पीछा कर अनूपशहर टी-पॉइंट के पास पकड़ लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव जिजोड़ा निवासी रूपवती (75) बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे अपने घर की सीढ़ियों की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान बबराला की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक पिकअप लेकर भाग निकला।
सूचना पर पुलिस ने तत्काल वाहन का पीछा किया। पुलिस ने घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर दूर घेराबंदी कर चालक को पकड़ लिया। थाना प्रभारी लवनीश चौधरी ने बताया कि पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। परिवार की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
रूपवती के पति रूपराम की करीब दस वर्ष पहले बीमारी से मौत हो गई थी। उनके पांच बेटियां और एक बेटा मुकेश शर्मा है। मुकेश बरेली में रहकर दवा कंपनी में काम करता है। रूपवती भी बेटे के साथ ही रहती थीं। दिवाली के चलते वह चार-पांच दिन पहले गांव में अपने घर की साफ-सफाई करने आई थीं।