संभल। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कैराना की सांसद इकरा हसन के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी मामले में एएसपी उत्तरी को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। कहा कि आरोपी व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए सोशल मीडिया एकाउंट को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू कराई जाए।सपा के जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी की अगुवाई में मंगलवार को सपाइयों ने एएसपी उत्तरी राजेश कुमार श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। कहा कि सोशल मीडिया एकाउंट ठाकुर योगेंद्र सिंह राणा का है, जिसके द्वारा एक पोस्ट की गई। इसमें कैराना सांसद इकरा हसन के प्रति अत्यंत अभद्र, अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया है। पोस्ट से न केवल एक सार्वजनिक रूप से महिला जनप्रतिनिधि की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई बल्कि सामाजिक सौहार्द महिला सम्मान और मर्यादा के विरुद्ध बयानबाजी की गई।
कहा कि इकरा हसन जनता द्वारा चुनी हुईं जनप्रतिनिधि हैं और जनता की आवाज हैं। उनके सम्मान की रक्षा हम सबकी जिम्मेदारी है। कहा कि व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। सोशल मीडिया एकाउंट को निष्क्रिय करने के लिए संबंधित प्लेटफार्म को सूचना भेजी जाए। इस दौरान सुहेल इकबाल, फय्याज, सईद अख्तर इसराईली, रियासत हुसैन, शाहनवाज, मोहम्मद नदीम, राजा आदि रहे।