संभल। संभल ऐतिहासिक शहर है और हस्तशिल्प और मेंथा का बड़ा कारोबार होता है। आलू की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है। इन कारोबारों से हजारों लोग जुड़े हैं लेकिन संभल ऐतिहासिक शहर होने के बाद भी रेलवे लाइन विस्तारीकरण के लिए जूझ रहा है। जबकि दशकों से यह मांग उठती चली आ रही है। इसके बाद भी इस पर ध्यान नहीं दिया गया। यह बयान सदन में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने मंगलवार को दिया है।
सदन में सपा सांसद ने कहा कि दशकों से मांग की जा रही है कि गजरौला रेलवे लाइन से संभल की रेलवे लाइन को जोड़ दिया जाए। जिससे आम और खास लोगों को राहत मिल सके। कारोबारियों को होने वाली असुविधा खत्म हो सके। सांसद ने आगे कहा कि उनके दादा पूर्व सांसद शफीकुर्रहमान बर्क भी इस मांग को बार-बार उठाते रहे थे। सांसद ने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि संभल-गजरौला रेलवे लाइन का विस्तारीकरण कराने को मंजूरी दे दी जाए। सांसद ने अपने लोकसभा क्षेत्र के कुंदरकी, बिलारी रेलवे स्टेशन पर सद्भावना, पूर्णिमा, छपरा एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की। साथ ही चंदौसी रेलवे स्टेशन से ऋषिकेश और दिल्ली-बरेली पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू कराने की मांग उठाई। जिससे आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को राहत मिल सके।