संभल। कांवड़ियों पर मुस्लिम समाज के लोगों ने फूल बरसाए हैं। इससे एक तरफ आपसी भाईचारे को बल मिला है। वहीं, दूसरी ओर शहर से अमन का पैगाम भी गया है। मुस्लिमों के साथ ही एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई भी मौजूद रहे। उन्होंने भी शिव भक्तों पर फूल बरसाकर स्वागत किया।मंगलवार को कांवड़ियों का जत्था जब चौधरी सराय से गुजरा तो वहां मुस्लिम समुदाय के लोग फूल लेकर खड़े थे। उन्होंने स्वागत में फूल बरसाए। साथ ही फल भी बांटे। इस बीच कांवड़िये जय भोले की जयकारा करते हुए आगे बढ़े। एसपी ने कहा कि यह भाईचारे और आपसी सौहार्द की मिसाल है। शहर से यह अमन का पैगाम है। बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा में पुलिस-प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी लगे हुए हैं। कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण संपन्न कराना पुलिस-प्रशासन की प्राथमिकता है।
000000000
चंदौसी चौराहे पर हुई महाआरती
संभल। शहर के मोहल्ला हल्लू सराय के शिव भक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर वापस लौटे। जब कांवड़ियों का जत्था चंदौसी चौराहा पर पहुंचा तो महाआरती का आयोजन किया गया। महंत मुरली सिंह ने महाआरती कराई। जिससे माहौल भक्तिमय बन गया। कहा गया कि कांवड़िये मोहल्ला हल्लू सराय के अलग-अलग शिव मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। संवाद