चंदौसी। नगर के पंडित हनुमान सिंह ग्राउंड पर रविवार को चंदौसी प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार आगाज हुआ। पहले दिन साउथ इंडियन क्लब के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते यंग क्रिकेट क्लब की टीम को सात विकेट से हरा कर जीत दर्ज की। विजेता टीम के खिलाड़ी शहजाद मैन ऑफ द मैच रहे। रविवार को पंडित हनुमान सिंह ग्राउंड पर हुए चंदौसी प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने किया। टूर्नामेंट के पहले दिन यंग क्रिकेट क्लब और साउथ इंडियन क्लब की टीम के बीच मुकाबला हुआ। जिसमें साउथ इंडियन क्लब के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी यंग क्रिकेट क्लब की टीम ने 15.2 ओवर में 86 रन बना कर ढेर हो गई। जिसमें बल्लेबाज विक्की ने 33 और असद ने 22 रन का योगदान दिया। साउथ इंडियन क्लब के गेंदबाज शहजाद ने पांच और विवेक व कामरान ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में साउथ इंडियन क्लब की टीम ने 10.4 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 87 रन बनाकर मैच जीत लिया। अंपायर की भूमिका में अनिल कपूर और कुश रावत रहे। स्कोरिंग माधव मिश्रा ने की। इस दौरान कपिल गुप्ता, राम बल्लभ रावत, पुलेंद्र यादव, चंदन माली, मनोज माली, साहिबे आलम, विकास माथुर, कमलकांत, हरिओम यादव, कृष्ण यादव, बॉबी यादव आदि मौजूद रहे। सोमवार का मुकाबला महाकाल इलेवन और जीसीसी की टीम के बीच होगा।