संभल। जिले में जलजीवन मिशन के तहत चल रहे कार्य में तमाम अनियमितताएं हैं। कहीं सड़क खोदकर छोड़ दी गई है तो कहीं पाइपलाइन बिछाकर आपूर्ति देना भूल गए। इन सभी समस्याओं का ग्रामीण सामना कर रहे हैं। कार्यदायी संस्था अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रही और जिम्मेदार ग्रामीणों की समस्या का समाधान नहीं करा पा रहे हैं। मुख्य विकास अधिकारी का दावा है कि वह ऐसे गांवों की सूची बनाकर कार्य कराएंगे। जबकि यह समस्या लंबे समय से हैं।
बुधवार को पवांसा और रजपुरा ब्लॉक की ग्राम पंचायतों की पड़ताल की गई तो हकीकत सामने आ गई। पवांसा ब्लॉक क्षेत्र के गांव दतावली में स्वच्छ पेयजल योजना के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने और ओवरहेड टैंक निर्माण का कार्य हो चुका है। गांव में कुछ परिवारों को कनेक्शन दे दिए गए हैं कुछ परिवार अब भी कनेक्शन के लिए रह गए हैं।
गांव में पाइपलाइन बिछाने के लिए दो वर्ष पहले तोड़ी गई सड़कों की मरम्मत विभाग के अधिकारियों ने नहीं कराई है। अब कीचड़ और गंदगी से ग्रामीण गुजरने के लिए मजबूर हैं। गांव बसला में ओवरहेड टैंक का निर्माण हो चुका है। अब भी गांव में कुछ स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने का कार्य रह गया है। सड़क खोदकर छोड़ दी है। कीचड़ फैला हुआ है।
यही स्थिति रजपुरा ब्लॉक के कई गांवों में देखने को मिली है। गांव जहानपुर और बहटकरन में लोग पीला पानी पीने के लिए मजबूर हैं। इन गांवों के नजदीक महावा नदी गुजरती है। महावा नदी तो सूख गई है लेकिन पानी अभी तक पीला आता है। मजबूरन लोग यही पानी पी रहे हैं।
कोट
स्वच्छ पेयजल योजना के अंतर्गत ओवरहेड टैंक और पाइपलाइन बिछाने का कार्य अधूरा पड़ा है। पाइपलाइन बिछाने के लिए तोड़ी गई सड़कों की मरम्मत नहीं हो सकी है। इसलिए कीचड़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
राकेश कुमार गांव बसला।
000
गांव में पाइपलाइन बिछाने और ओवरहेड टैंक का निर्माण हो चुका है ग्रामीणों को गांव में पूरी तरीके से कनेक्शन नहीं मिले हैं। दो वर्ष पूर्व पाइपलाइन बिछाने के लिए तोड़ी गई सड़क की मरम्मत भी नहीं हो सकी है। अब कीचड़ और गंदगी फैल रही है आने जाने वाले लोगों को हादसा होने का डर बना रहता है।
भीष्म कुमार, गांव दतावली
000
कोट
गांव में जल जीवन मिशन के तहत टंकी बननी थी लेकिन दो वर्ष हो गए और कार्य अधर में लटका है। सड़के भी तोड़कर डाल दी गई हैं।
छत्रपाल, गांव जहानपुर
000
हमारा गांव महवा नदी के किनारे पर बसा है इस बजह से नलों में पीले रंग का दुर्गंध भरा पानी निकलता है। गांव को जल जीवन मिशन में शामिल किया गया तो शुद्ध पानी की उम्मीद जगी थी लेकिन अभी तक टंकी निर्माण अधर में लटका है।
अखिलेश, जहानपुर