सरायतरीन। पवांसा सब डिवीजन क्षेत्र के दो बिजलीघर के चार गांवों में मंगलवार की रात 9:15 बजे बिजली गिरने से छह ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इनसे करीब डेढ़ सौ घरों में बीते 24 घंटे से अंधेरा छाया हुआ है।
बृहस्पतिवार को क्षतिग्रस्त हुए ट्रांसफार्मर बदलने के बाद ही डेढ़ सौ घरों को बिजली सप्लाई मिल सकेगी। बिसारू बिजलीघर में भी बिजली गिरने से बीसीबी मशीन क्षतिग्रस्त हुई। बुधवार को जेई के द्वारा मशीन को सही करने के बाद बिजली सप्लाई शुरू की गई। बिजली से हुए नुकसान का एस्टीमेट बनाकर एसडीओ देहात ने चंदौसी अधिशासी अभियंता को भेजा है।
गांव चिरौली भगवंतपुर और धुरैटा में दो-दो और गांव अतरासी और खिरनी मोहिउद्दीनपुर बिजली घर क्षेत्र के गांव ततारपुर घोसी में एक-एक ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए। ग्रामीणों की सूचना के बाद विद्युत निगम के अधिकारियों ने मौके पर जाकर मामले की जांच पड़ताल की है। क्षतिग्रस्त हुए ट्रांसफार्मर को बदलने की कार्रवाई शुरू की गई।
एसडीओ देहात मनोज कुमार ने बताया कि बिजली गिरने से छह ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने की सूचना अवर अभियंता के द्वारा दी गई है। इन्हें बदलवाने के लिए दस्तावेज भेज दिए गए हैं। बृहस्पतिवार तक उपभोक्ताओं को बिजली सप्लाई दे दी जाएगी।