चंदौसी। सहकारी समितियों के प्रबंध समिति सदस्यों के चुनाव के लिए बुधवार को नामाकंन पत्रों की जांच हुई। चार नामांकन पत्र जांच में निरस्त पाए गए। अब 38 सहकारी समिति सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचित होना तय हो गया है।
जिले में 73 सहकारी समितियां हैं। इनकी प्रबंध समिति के सदस्य बनने के लिए 757 लोगों ने आवेदन किया था। बुधवर को नामाकंन पत्रों की जांच की गई। सहकारी समिति रम्मपुरा के अंतर्गत सदस्य पद के लिए चार नामांकन पत्र निरस्त हुए हैं। इनके अलावा चाटन सहकारी समिति क्षेत्र से एक, खजरा सहकारी समिति क्षेत्र से एक नामाकंन पत्र जांच में निरस्त पाया है। जिले में 38 सदस्य पद पर एक-एक ही नामांकन रह गया है। उनका निर्विरोध चुना जाना तय है।
35 पद रह गए खाली: जिले में सदस्य पद 35 स्थान रिक्त रह गए हैं। यहां पर किसी भी सदस्य ने नामांकन पत्र जमा नहीं किया है। इनमें चंदौसी तहसील में दस सदस्य पद, संभल तहसील में 13 सदस्य पद, गुन्नौर में 12 सदस्य पद हैं।