एक व्यक्ति से रंगदारी वसूलने के प्रयास में उसे जाने से मारने की धमकी देने वाले कथित बाबा गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इसके लिए एसओजी, सर्विलांस एवं स्थानीय पुलिस की टीमें गठित की गईं थीं। पकड़े गए बदमाशों से दो तमंचे एवं एक बोलेरो गाड़ी भी बरामद हुई है। इनके खिलाफ अन्य थानों में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हुई हैं। - मनोज कुमार रावत, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी)
सोशल मीडिया पर बना रखा है बाबा नाम से ग्रुप
जुनावई पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनका 25-30 लोगों का एक ग्रुप है। सभी ने वाटसएप, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर बाबा नाम से ग्रुप बना रखा है, सभी आपस में जुडे़ हुए हैं। बताया कि अपने शौक व जरूरतों को पूरा करने के लिए लोगों को डरा धमका कर पैसे लेते हैं। पहले भी जेल जा चुके हैं।
आमतौर पर लोग डराने धमकाने से पैसे दे देते है और डर की वजह से लोग पुलिस में भी जल्दी शिकायत नहीं करते हैं। गैंग में कुछ और लोग है, जिनका भी यही काम है। उन्होंने स्वीकार किया कि तीन मई की रात गांव दबथरा हिमंचल के रहने वाले रामपाल साथियों के साथ मिलकर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। पैसे देने से मना किया तो उसे डराने के लिए हवाई फायर भी किए थे।
पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास
जुनावई पुलिस की टीमों द्वारा गिरफ्तार किए गए ग्राम दबथरा निवासी अंकित उर्फ दिपेंद्र के खिलाफ जुनावई थाने में ही विभिन्न आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में पांच मुकदमे दर्ज हैं। अवधेश उर्फ उपदेश कुमार निवासी अजीजपुर हरलाल के खिलाफ जुनावई थाने में चार और गुन्नौर थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं।
बहजोई की यादव कॉलोनी के रहने वाले प्रिंस के खिलाफ बहजोई थाने में तीन व जुनावई में दो मुकदमे दर्ज हैं। इसी मोहल्ले के कुलदीप जडे़जा के खिलाफ बहजोई में दो व जुनावई में एक रिपोर्ट दर्ज है। बहजोई के बिजली घर कालोनी अमन शर्मा के खिलाफ बहजोई में तीन व जुनावई में एक केस दर्ज है। इसी तरह नगला डुमाइल के रहने वाले अभियुक्त सुरेंद्र के खिलाफ जुनावई थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं।