गुन्नौर। कोतवाली क्षेत्र के गांव सैंजना मुस्लिम में प्रेम संबंधों की जानकारी होने पर बहन मुस्कान की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी सनी मोहम्मद को घटना के दूसरे दिन भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार शाम चार बजे युवती का शव गांव पहुंचा, जिसे पुलिस की मौजूदगी में शाम छह बजे कब्रिस्तान में दफन किया गया।
मुस्कान की मां परवीन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सनी मोहम्मद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। शनिवार को पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां दबिश दी, लेकिन आरोपी का पता नहीं चल सका। पुलिस सूत्रों के अनुसार उसकी लोकेशन ट्रेस करने और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।
बताया गया कि युवती का प्रेम प्रसंग किसी रिश्तेदार से था। इसको लेकर नाराज भाई ने शुक्रवार सुबह सोते समय बहन के सिर में गोली मार दी थी। घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए थे। पूर्व ग्राम प्रधान अख्तर अली ने बताया कि शव गांव पहुंचने के बाद पुलिस की मौजूदगी में दफन किया गया। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।