गुन्नौर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ नोडल अधिकारी अवनीश सक्सेना ने शनिवार को सीएचसी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजकिशोर ने उनसे कहा कि साहब आठ माह हो चुके हैं, लेकिन मुझे मेरा आवास नहीं मिला है।
जब नोडल अधिकारी ने उनसे आवास न मिलने का कारण पूछा, तो चिकित्सा अधीक्षक ने उन्हें बताया कि मुझसे पहले यहां पर डॉ .पवन सिंह की तैनाती थी। उनका स्थानांतरण होने के बाद यहां पर मेरी तैनाती हो गई। लेकिन पूर्व चिकित्सा अधीक्षक ने अभी तक अपना आवास खाली नहीं किया है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को भी शिकायतीपत्र दिया है। उसके बाद भी आवास खाली नहीं हुआ। जिसके चलते मुझे इधर-उधर कमरा लेकर रहना पड़ रहा है। इस पर नोडल अधिकारी ने कहा कि इसका जवाब तलब कराया जाएगा।
नोडल अधिकारी ने सीएचसी का किया निरीक्षण
गुन्नौर। नोडल अधिकारी अवनीश सक्सेना ने शनिवार को सीएचसी में इमरजेंसी रूम, कोल्ड रूम, महिला विंग की स्थिति देख मरीजों से सीएचसी की तरफ से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और चिकित्सकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी को स्वास्थ्य कर्मचारियों ने बताया कि लू लगने वाले मरीजों के लिए कोल्ड रूम में सभी व्यवस्थाएं मौजूद हैं। यहां से वह महिला विंग पहुंचे ओर प्रसूताओं की डिलीवरी के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि जिधर डिलीवरी होती है, वहां पर एक बड़ा पर्दा लगवा दीजिए। ताकि प्रसूताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने चिकित्सकों को सीएचसी में नियमित साफ सफाई के अलावा जरूरी दिशा निर्देश दिए। संवाद