प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवासों की चाबी सौंपने आए गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार को आक्रोश झेलना पड़ा। बरेली सराय में महिलाओं ने राज्यमंत्री को बताया कि साहब दलाल 40-40 हजार रुपये भी ले गए लेकिन योजना का लाभ अब तक नहीं मिल सका। राज्यमंत्री ने इस पर डीएम को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बाद में राज्यमंत्री ने हल्लूसराय पहुंचकर पांच लाभार्थियों को आवासों की चाबी सौंपी। यहां भी राज्यमंत्री को पासी समाज के लोगों का विरोध झेलना पड़ा। उनकी मांग थी कि पासी समाज के जाति प्रमाण पत्र बनवाए जाएं।
प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार शुक्रवार सुबह संभल के निरीक्षण भवन पहुंचे थे। यहां पर उन्होंने भाजपा नेताओं और डीएम-एसपी समेत अधिकारियों के साथ बैठक की और जानकारी हासिल की। इसके बाद राज्यमंत्री मोहल्ला बरेली सराय के लिए निकले। संभल-बहजोई मार्ग पर जनता पेट्रोल पंप के पास से राज्यमंत्री गाड़ी से उतर गए और फिर पैदल चलकर बरेली सराय पहुंचे। महिलाओं की समस्याएं जानीं। महिलाओं ने राज्यमंत्री को प्रधानमंत्री आवास योजना में रिश्वतखोरी से अवगत कराया। कहा कि 40-40 हजार रुपये ले लिए गए लेकिन आवास फिर भी नहीं मिले।
राज्यमंत्री ने डीएम को इस मामले में जांच के आदेश दिए। इसके बाद राज्यमंत्री हल्लूसराय पहुंचे और आवास योजना के लाभार्थियों को उनके आवासों की चाबी सौंपी। लोगों को संबोधित किया और सरकार की योजनाएं गिनाईं। इसके बाद राज्यमंत्री जाने के लिए निकले तो पासी समाज के लोग गाड़ी के आगे खड़े हो गए।
सुनील राजपूत ने कहा कि बड़ी संख्या में पासी समाज के लोग रहते हैं लेकिन इनके जाति प्रमाण पत्र नहीं बन रहे हैं। प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। जाति प्रमाण पत्र बनवाने की मांग की। इस दौरान भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़कवंशी, परमेश्वरलाल सैनी, डॉ.अरविंद गुप्ता, जिलाधिकारी मनीष बंसल, एडीएम केके अवस्थी, एसपी चक्रेश मिश्र, एसडीएम विनय कुमार मिश्र, ईओ रामपाल यादव आदि रहे।
गन्ना विकास विभाग के राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार को वीनस शुगर मिल मझावली पर बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने के लिए ज्ञापन दिया गया है। ज्ञापन में कहा है कि मिल ने 24 दिसंबर-2021 तक के गन्ने के मूल्य का भुगतान किया है। जबकि मिल 18 अप्रैल-2022 तक चली। भुगतान न मिलने से किसानों की आर्थिक स्थिति खराब हो रही है। शीघ्र ही भुगतान कराया जाए। इस दौरान मंडल अध्यक्ष हर्षित रस्तोगी, रावेंद्र, कपिल, अजीत सिंह, गणेेेश शर्मा, विष्णु कुमार आदि रहे।
पासी समाज के लोगों ने भी राज्यमंत्री को पासी समाज का जाति प्रमाण पत्र बनवाने की मांग की है। इसमें कहा है कि एक हजार से अधिक लोग निवास करते हैं लेकिन जाति प्रमाण पत्र न होने से कुछ लाभ नहीं मिल पाता। चंदौसी और गुन्नौर तहसील क्षेत्र में पासी समाज के जाति प्रमाण पत्र बन रहे हैं। जाति प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग की गई है। इस दौरान सुशील, दिनेश, प्रेेमपाल, रवि कुमार, लाखन सिंह आदि रहे।