नगर के पुराना बाजार श्रीरामलीला कमेटी के तत्वावधान में श्रीराम वरयात्रा निकाली गई। इस दौरान कहीं नाग पर भोले बाबा का तांडव नृत्य दर्शकों को लुभा रहा था, तो कहीं लांगुरियों संग खेलते हुए 28 मुखी माता महाकाली का अखाड़ा लोगों को आकर्षित कर रहा था।
बुधवार को शाम छह बजे करीब संभल रोड पंचवटी से मुरादाबाद के सदर विधायक रितेश गुप्ता ने सिंहासन पर विराजमान भगवान श्रीराम, सीता व लक्ष्मण स्वरूप की आरती कर श्रीराम वरयात्रा का शुभारंभ किया। श्रीराम वरयात्रा में सबसे पहले भगवान श्रीगणेश की स्वचलित झांकी देखने को दर्शक उमड़ पड़े। इसके बाद माता महाकाली का लांगुरियों संग खेलता स्वरूप, वीर हनुमान अखाड़ा तथा नाग-नागिन व सपेरा का नृत्य समेत राजस्थानी झूमर को देखने के लिए भी लोगों की भीड़ जुटी रही। झांकियों में बेटी-बचाओ, बेटी पढ़ाओ, मां वैष्णो देवी का दरबार, बाबा खाटू श्याम का फूल-बंगला, बाबा महाकाल की शाही सवारी व मोती वाले बालाजी महाराज भी श्रीराम वरयात्रा का आकर्षण रहे। श्रीराम वरयात्रा मोहल्ला पुराना बाजार, सराफा बाजार, कोतवाली रोड, नया बाजार चौक व पुराना डाकखाना रोड होते हुए देर रात गंतव्य पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस बीच आयोजकों में कपिल गुप्ता व अजय तंबाकू समेत भुवनेश शरद, ह्देश कुमार, रमन वार्ष्णेय, रजनीश कुमार, राजेश कुमार, विनीत कुमार, कुशांक वार्ष्णेय, वैभव शंकर, आशीष वार्ष्णेय, शिवम, योगेश टिल्ला, प्रयाग, गोविंद इलेक्ट्रॉनिक्स व जेपी सिंघोलिया आदि रहे। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र बादशाह समेत राजेश शंकर राजू, विकास वार्ष्णेय व कमल कुमार आदि मौजूद रहे। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात रहा।
ब्रजशाही चट्टों ने ताजा की ब्रज की याद
श्रीराम वरयात्रा में करीब आठ वर्ष बाद फिर से निकले ब्रजशाही चट्टों ने ब्रज की याद ताजा की। इसमें गोपियों के बीच नृत्य करते राधा-कृष्ण स्वरूप कलाकारों चट्टों के साथ नृत्य देखकर लोग आकर्षित हुए।