मढ़न। असमोली थाना क्षेत्र के गांव बेला में शुक्रवार देर रात परचून की दुकान में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। दुकान में छोटे गैस सिलिंडर पर अंडे उबाल रहे 58 वर्षीय दुकानदार रामकिशन आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें बचाने पहुंचे उनके दो पोते गोविंदा और विनीत भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
गांव बेला निवासी रामकिशन गांव में ही परचून की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार देर शाम वह दुकान में रखे छोटे गैस सिलिंडर से अंडे उबाल रहे थे। बताया जा रहा है कि दुकान में पेट्रोल भी रखा हुआ था। इसी दौरान अचानक गैस सिलिंडर से आग लग गई। दुकान में पेट्रोल मौजूद होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते-ही-देखते पूरी दुकान आग की चपेट में आ गई। आग की लपटों में घिरकर रामकिशन बुरी तरह झुलस गए। उन्हें बचाने के लिए उनके पोते गोविंदा और विनीत मौके पर पहुंचे, लेकिन दोनों भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया। जहां रामकिशन की हालत गंभीर बताई जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक परचून की दुकान में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।