चंदौसी (संभल)। मोहल्ला लक्ष्मणगंज में मिली बावड़ी को बारिश से बचाने के लिए मंगलवार को वाटरप्रूफ शेड लगाने का कार्य शुरू हो गया। नगर पालिका कर्मचारियों ने पहले दिन बांस बल्ली खड़े कर दिए हैं। इसके ऊपर लकड़ी की फंटियों का जाल बनाकर वाटरप्रूफ तिरपाल लगाया जाएगा। एसडीएम ने मौका मुआयना कर दिशा निर्देश दिए हैं।
दो जनवरी को बावड़ी की दूसरी मंजिल से गैस निकलने के बाद खोदाई का कार्य रोक दिया गया है। डीएम के निर्देश पर मंगलवार की सुबह पालिका के कर्मचारी बावड़ी पहुंचे और बावड़ी को बारिश से बचाने के लिए शेड लगाने का कार्य शुरू किया गया। शाम तक बावड़ी को शेड से ढकने के लिए बांस बल्ली लगाए गए। वहीं ईओ/एसडीएम निधि पटेल ने बावड़ी पहुंच कर कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बांस वल्ली के ऊपर लकड़ी की फंटियों का जाल बनाया जाएगा। जाल के ऊपर वाटरप्रूफ तिरपाल लगाया जाएगा। जिससे बावड़ी को बारिश के पानी से सुरक्षित रखा जा सके।
डीएम-एसपी ने किया था निरीक्षण
चंदौसी में एक माह से बंद बावड़ी को पूरी तरह से अस्तित्व में लाने के लिए खोदाई का कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। बीते शनिवार को डीएम राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बावड़ी पहुंच कर मौका मुआयना किया और अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने कहा कि बावड़ी की दूसरी मंजिल पर बने पिलर में दरारें मिली हैं। जिनकी मरम्मत के बाद एएसआई के संरक्षण खोदाई का कार्य किया जाएगा। वहीं बावड़ी को बारिश के पानी से बचाव के लिए टीन शेड लगाने का कार्य पालिका द्वारा जल्द शुरू करने के निर्देश दिए थे।