गुन्नौर में पकड़े गए हरियाणा से शराब की तस्करी करने के आरोपी।
पुलिस की लगातार निगरानी के बावजूद मतदाताओं को मस्त करने के लिए प्रत्याशियों व उनके समर्थकों द्वारा शराब की तस्करी थम नहीं रही है। गुन्नौर कोतवाली पुलिस ने लगातार दूसरे दिन भी चेकिंग की तो तस्करों में पुलिस पर फायरिंग कर दी। घटना सोमवार की रात दस बजे गुन्नौर थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर नूरपुर तिराहे के पास की है।
गुन्नौर कोतवाली को उपनिरीक्षक सचिन बालियान पुलिस बल के साथ रोड गस्त पर थे। जैसे ही उन्हें सामने से गवां की ओर से एक सेंट्रो कार आती हुई दिखी तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन कार चालक रुकने की बदाय पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने तत्काल कार की घेराबंदी की। कार को कब्जे में लिया गया। चालक समेत दो लोगों को पकड़ लिया गया। कार चालक का नाम सुनील तथा दूसरे का नाम सम्मी निवासी सोनीपत बताया जा रहा है।
कोतवाल अमित कुमार ने बताया कि सुनील के पास से एक तमंचा, दो कारतूस जिंदा, एक खोखा तथा सम्मी के पास से एक चाकू बरामद किया गया है। कार से पांच पेटी हरियाणा मार्का शराब मिली है। शराब को निकाय चुनाव में उपयोग के लिए मंगाया गया था। मामले जांच की जा रही है कि शराब किसने मंगाई थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।