चंदौसी। एक करोड़ सोलह लाख रुपये की लागत से बनकर तैयार शक्तिनगर के मुख्य मार्ग का नामकरण कवि डॉ. कुंवर बेचैन के नाम पर होगा। उनकी छठी पुण्य तिथि से पांच दिन पहले 24 अप्रैल को दाेपहर 3.30 बजे समारोहपूर्वक मार्ग के शिलापट का लोकार्पण डीएम राजेंद्र पैंसिया करेंगे।
मार्ग का नामकरण जिला प्रशासन और नगर पालिका ने किया है। यह मार्ग बहजोई-चंदौसी मार्ग को शहर से जोड़ता है। कचहरी के निकट स्थित लायंस स्कूल से बहजोई-चंदौसी तक विनियमित क्षेत्र के बजट से मार्ग पर चौड़ी सड़क का निर्माण हुआ है। नगर पालिका ने मार्ग के दोनों तरफ भव्य रोशनी के इंतजाम किए हैं। शक्तिनगर के टी प्वाइंट पर प्रस्तावित लोकार्पण समारोह में साहित्यकारों और शहर के लोगों के साथ नगर पालिका की अध्यक्ष लता वाष्णेर्य, एसडीएम नीतू कुमारी, कुंवर बेचैन के छोटे भाई राजकुमार सक्सेना और भतीजे प्रतीक सक्सेना भी रहेंगे। लोकार्पण समारोह का मुख्य आयोजन डॉ. कुंवर बेचैन स्मृति न्यास के तत्वावधान में होगा। समारोह की तैयारी शुरू हो गई है।
चंदौसी की धरती पर पले-बढ़े कुंवर बेचैन अपने दौर में हिंदी गीत, कविता और गजल के सशक्त हस्ताक्षर रहे हैं। उनकी रचनाएं आज भी लोकप्रिय हैं। विश्व पटल पर अपने गीतों के माध्यम से उन्होंने हिंदी को नई पहचान दिलाई। प्रारंभिक से उच्च शिक्षा यहां हासिल करने के बाद वह गाजियाबाद के एमएच महाविद्यालय में हिंदी के विभागाध्यक्ष रहे। कोरोना काल में 29 अप्रैल 2021 में नोएडा में उनका निधन हुआ था। उनकी छठवीं पुण्य तिथि 29 अप्रैल 2026 को है। इससे पहले ही मार्ग उनके नाम को समर्पित किए जाने की तैयारी है।