चौकीदार को आहट हुई तो उसने कूमल लगाए जाने की सूचना शोरूम स्वामी को दे दी। सूचना मिलने पर शोरूम स्वामी मौके पर पहुंचे। अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर किया तब चोर भागे। भरे चौराहे पर दुकान में यह घटना होेने के बाद सुरक्षा को लेकर दुकानदार और शोरूम स्वामी चिंता में हैं।
कोतवाली क्षेत्र के शंकर चौराहा पर हर समय पुलिस की पिकेट रहती है। मंगलवार की रात चोरों ने राजीव इलेक्ट्रॉनिक शोरूम की दीवार में कूमल लगा लिया। आवाज होने पर चौकीदार सक्रिय हो गया। उसने तत्काल ही शोरूम स्वामी को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे शोरूम स्वामी ने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की। तब जाकर चोर भागे। शोरूम स्वामी की सक्रियता से बड़ी घटना होने से बच गई। इसके अलावा जालब सराय निवासी विनोद उर्फ बृजवीर के घर में मंगलवार की रात्रि चोरों ने कूमल लगा लिया। घर में रखा पचास किलोग्राम मैंथा ऑयल और चार तोला सोने के जेवरात सहित करीब पौने दो लाख रुपये का सामान चोरी करके ले गए। घटनाओं की तहरीर संबंधित थाना पुलिस को दे दी गई है। शंकर चौराहे की घटना का कोतवाल ने संज्ञान लिया है। उनका कहना है कि पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।