संभल। क्षेत्र के गांव भागनगर के पास चंदौसी-अलीगढ़ रेल लाइन बृहस्पतिवार की रात मालगाड़ी की चपेट में आने से छुट्टा पशुओं की मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह फिर उसी स्थान पर ट्रेन की चपेट में आने से छुट्टा पशुओं की मौत हो गई। दोनों हादसों में सात छुट्टा पशुओं की मौत हो गई। ग्रामीणों व रेलवे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छुट्टा पशुओं के शवों को दफना दिया है। इससे पहले भी कई पशुओं की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो चुकी है।
बृहस्पतिवार की रात मालगाड़ी अलीगढ़ से चंदौसी की ओर आ रही थी। अलीगढ़ चंदौसी रेलवे ट्रैक पर गांव भागनगर के पास छुट्टा पशु मालगाड़ी के आगे आ गए। हादसे में पांच पशुओं की मौत हो गई। मालगाड़ी चालक ने रात करीब 1.18 बजे धनारी रेलवे स्टेशन को सूचना दी। वहीं शुक्रवार की सुबह अलीगढ़ से चंदौसी की ओर आ रही लिंक एक्सप्रेस लिंक के सामने रात में हादसे वाले स्थान पर ही दो छुट्टा पशुओं की मौत हो गई। लिंक एक्सप्रेस चालक ने इसकी सूचना भी धनारी रेलवे स्टेशन को दी। हादसे की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पुष्कर मेहरा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मृतक पशुओं के शवों को रेलवे ट्रैक से हटवाया। हादसे में सात छुट्टा पशुओं की मौत हो गई। उन्होंने जेसीबी को गड्ढा खुदवाया और सभी सात मृत छुट्टा पशुओं को दफना दिया। सूचना पर भागनगर निवासी भाकियू असली के प्रमुख सचिव ऋषिपाल सिंह, नेत्रपाल सिंह आदि पहुंच गए और छुट्टा पशुओं की मौत की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि रेलवे ट्रैक के पास रामनगर उर्फ कनुआ नगला की गोशाला है। इसी के पास रेलवे ट्रैक पर गोवंशीय पशुओं की मौत हो चुकी है। जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। थाना प्रभारी पुष्कर मेहरा ने बताया कि सात छुट्टा पशुओं की बृहस्पतिवार की रात ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
पहले भी ट्रेन की चपेट में आकर मर चुके छुट्टा पशु
11 फरवरी 2023 को बहजोई क्षेत्र के गांव लहरावन के पास छुट्टा पशुओं का झुंड ट्रेन की चपेट में गया था। हादसे में 11 पशुओं की मौत हो गई थी। इसके बाद 23 फरवरी 2023 को धनारी क्षेत्र के भागनगर के पास ही फिर से छुट्टा पशु ट्रेन की चपेट में आ गए थे और सात छुट्टा पशुओं की मौत हो गई थी। करीब डेढ़ माह पहले चंदौसी में भी ट्रेन की चपेट में आने से दो पशुओं की मौत हो गई थी।
रात में मालगाड़ी व लिंक एक्सप्रेस की चपेट में आने से गांव भागनगर के पास अलीगढ़ चंदौसी रेलवे ट्रैक पर छुट्टा पशुओं की मौत हुई। दोनों गाड़ियों के चालकों ने हादसे की सूचना दी थी। इस मामले में स्थानीय पुलिस को अवगत करा दिया गया था। -हुकम सिंह मीणा, स्टेशन मास्टर धनारी