चंदौसी (संभल)। नगर से होकर गुजरने वाली ट्रेनों की सीटें दिवाली को लेकर अभी से फुल हो चुकी हैं। ऐसे में त्योहार के निकट रोडवेज बसों पर भीड़ बढ़नी लाजमी है। रोडवेज ने पूरी तैयारी कर ली है। बसों को मरम्मत कर रूट पर उतारा जाएगा। साथ ही चालक-परिचालक को प्रोसाहन राशि की घोषणा की तैयारी है। ताकि बसों के संचालन में दिक्कत न हो।
चंदौसी स्टेशन से होकर लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेनों में दीपावली त्योहार के नजदीक सीट नहीं मिल रही है। अभी से रिजर्वेशन फुल हो गया है। सद्भावना एक्सप्रेस रक्सौल, लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, छपरा एक्सप्रेस, आनंद बिहार-बापूधाम मोतीहारी एक्सप्रेस, कामाख्या एक्सप्रेस, आनंद विहार-सहरसा एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में त्योहार पर 20 से लेकर 50 तक की वेटिंग है। त्योहार के नजदीक आने तक इनकी वेटिंग ओर बढ़ेगी। ऐसे में रोडवेज बसों में त्योहार पर अधिक भीड़ रहेगी। चंदौसी बस स्टैंड से करीब 91 बसें संचालित हैं। रोडवेज अधिकारियों ने भीड़ को देखते हुए अभी से व्यवस्था की है। दिल्ली रूट और लोकल रूटों पर बसों को बढ़ा गया है। मुरादाबाद, बदायूं के लिए बसों के फेरे बढ़ाएं हैं। बरेली, अलीगढ़ व अन्य लंबे रूटों पर जाने वाली बसों की संख्या कम की जाएगी। ताकि स्थानीय स्तर पर यात्रियों को परेशानी है।
रोडवेज चालक, परिचालक के लिए होगी प्रोत्साहन की घोषणा
रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि चालक परिचालक भी त्योहार मनाने के लिए छुट्टी लेने का प्रयास करते हैं। त्योहार पर ड्यूटी करने वाले चालक परिचालको के लिए प्रोत्साहन की धनराशि की घोषणा की जाएगी। ताकि वह अधिक से अधिक लाभ उठाए और बसों का संचालन प्रभावित न हो।
बसों की तैयारी की जा रही है। जो बसें मामूली खराबी के चलते खड़ी है। उनकी भी मरम्मत कराकर संचालित कराया जाएगा। ताकि त्योहार पर आने जाने वाले यात्रियों को परेशानी न हो। -अनिल मिश्रा, प्रभारी स्टेशन अधीक्षक रोडवेज