एसडीएम रामकेश धामा ने बबराला के राजघाट रोड पर बनाई जा रही पुलिया के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निर्माण में लग रही ईंटों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया।
बबराला नगर पंचायत के द्वारा राजघाट मार्ग पर पुलिस चौकी के समीप पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है। पुलिया के निर्माण में मानकों की जमकर अनदेखी की जा रही है। अव्वल ईंट की जगह पुलिया में पीली ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है। कस्बाइयों द्वारा अनियमितता की आवाज उठाई गई तो अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। शुक्रवार की दोपहर एसडीएम रामकेश धामा और अधिशासी अभियंता अशद खां निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे। पुलिया में लगाई जा रही निर्माण सामग्री को देखा। इसके बाद मौके से तीन ईंटों का सैंपल लेकर जांच के लिए भिजवा दिया।
प्रथम दृष्टया लग रहा है कि पुलिया के निर्माण कार्य में अनियमितता बरती गई है। निरीक्षण के दौरान ईंटों का नमूना लिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
रामकेश धामा, एसडीएम, गुन्नौर