ओबरी (संभल)। असमोली थाना क्षेत्र के गांव शहबाजपुर कलां के नजदीक सोमवार की सुबह दस बजे करीब स्कूटी सवार चार बालकों को निजी बस ने टक्कर मार दी। इसमें अमरोहा जिले के थाना देहात अंतर्गत गांव लाडम नगला निवासी मोहम्मद शमी (7) पुत्र याकूब की मौत हो गई। जबकि अमरोहा जिले के गांव भवालपुर निवासी समीर पुत्र यूनुस, मोहम्मद सुुऐब पुत्र यूनुस, सादिक पुत्र यूसुफ गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब यह चारो बालक स्कूटी पर सवार होकर गांव शहबाजपुर कलां गांव आए थे। घर लौटते समय सैदनगली-चौधरपुर मार्ग पर सैदनगली-पाकबड़ा मार्ग पर संचालित होने वाली निजी बस ने टक्कर मार दी। यूनुस ने बताया कि उनके घर में दो दिन बाद शादी का कार्यक्रम है। शादी में शामिल होने उनका भांजा मोहम्मद शमी आया था। सोमवार को ऐसे ही बच्चे स्कूटी से घूमने निकल गए और हादसे का शिकार हो गए। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार ने कार्रवाई से इनकार कर दिया। वह बच्चे का शव ऐसे ही लेकर घर चले गए।