ुक्रवार को सरला देवी को जीत का प्रमाण पत्र मजिस्ट्रेट।
- फोटो : अमर उजाला
संभल जिले के असमोली और जुनावई में ब्लाक प्रमुख पद का चुनाव शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। असमोली में 53 मत लेकर सरला देवी एक बार फिर से ब्लाक प्रमुख चुनी गईं। इनकी प्रतिद्वंद्वी माधोवती उर्फ माधो को 45 वोट मिले जबकि एक मत निरस्त हो गया
। सरला देवी की 8 मतों से जीत हुई। इस सीट पर समाजवादी पार्टी की फरीदा बेगम का कब्जा था। उनके खिलाफ आए अविश्वास प्रस्ताव के बाद अब मतदान होने पर सपा के खाते से यह सीट छिन गई। वहीं जुनावई में भी समाजवादी पार्टी को नुकसान हुआ।
समाजवादी पार्टी के मुकेश यादव अविश्वास प्रस्ताव के बाद अपदस्थ हो गए थे। उप चुनाव में मुकेश यादव ने अपने बेटे सुमित यादव को मैदान में उतारा। भारतीय जनता पार्टी के दिव्यप्रकाश यादव ने 34 मत लेकर जीत दर्ज कर दी। सुमित यादव को महज 7 मत पर ही संतोष करना पड़ा।
यहां 2 मत निरस्त हुए जबकि 16 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने मतदान नहीं किया। यह चुनाव दिग्गजों की प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ था। इसलिए आला अधिकारी भी पल-पल की खबर लेते रहे। असमोली और जुनावई ब्लाक मुख्यालयों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी डेरा डाले रहे।
कड़ी सुरक्षा के साथ ही सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों की निगरानी में मतदान के बाद मतगणना कराई गई। असमोली में रिटर्निंग आफिसर/डिप्टी कलक्टर प्रतिपाल सिंह चौहान और जुनावई में रिटर्निंग आफिसर/डिप्टी कलक्टर अमित कुमार रहे। उन्होंने विजेताओं को ब्लाक प्रमुख पद के प्रमाण पत्र सौंपे।
प्रमाण पत्र मिलने पर विजेताओं और उनके समर्थकों की खुशी का ठिकाना न रहाजबकि हारे प्रत्याशी व उनके समर्थकों के चेहरों पर मायूसी दिखाई दी।