बरेली सराय-शंकर चौराहा मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल के सामने मैदान में मारुति वैन में अचानक आग लग गई। वैन धू-धूकर जल उठी और देखते ही देखते आग के गोला बन गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मार्ग पर ट्रैफिक को रुकवा दिया। सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया।
गुरुवार शाम छह बजे सफेद रंग की मारुति वैन एक निजी अस्पताल के सामने बने व्यापारी के गोदाम में खड़ी थी। अचानक सिलेंडर से गैस का रिसाव हो गया। आग लग गई। वैन चालक ने पड़ोस के लोगों की मदद से वैन को गोदाम से बाहर निकाला और मैदान में खड़ा कर दिया। आग बढ़ने लगी। कुछ ही देर में टायर फटे तो लोगों में अफरातफरी मच गई। सरेआम वैन में बीच मैदान में आग लगी देख हड़कंप मच गया। शंकर चौराहे की तरफ जाने वाला ट्रैफिक ठहर गया।
घटना स्थल पर सरथल चौकी स्थित पीएनबी के निकट की है। लिहाजा पुलिस जल्दी ही सक्रिय हो गई। सूचना पर दमकल की गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाया जा सका। वैन से एलपीजी किट का सिलेंडर जली हालत में निकला। अगर सिलेंडर फट जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। क्योंकि वैन के निकट एक ओर सेंट्रो कार भी खड़ी थी लेकिन वह आग की चपेट से बच गई। वैन मालिक ने बताया कि गाड़ी के कागजात भी वैन में ही रखे है। वैन पूरी तरह खाक हो गई। करीब आधे घंटे तक आग का मंजर लोगों ने देखा।