संभल के मियां सराय में पथराव के बाद भीड़ को खदेड़ते अर्द्घसैनिक बल के जवान।
- फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला संभल
सरायतरीन में पालिकाध्यक्ष पद के दो प्रत्याशियों के समर्थकों में विवाद के बाद लाठी-डंडे चले। इतना ही नहीं, पत्थरबाजी भी हुई। मारपीट में दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए। एक पक्ष ने हयातनगर थाने पर कार्रवाई की मांग को लेकर दरोगा का घेराव किया। दूसरे प्रत्याशी के खिलाफ तहरीर दी। जबकि प्रत्याशी के पति ने दूसरे पक्ष पर छींटाकशी करने का आरोप लगाया।
हयातनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला हीजड़ान व भूड़ा वार्ड 34 से बबलू सदस्य पद का प्रत्याशी है। बबलू के अलावा हाजी सद्दीक व हाजी यूसुफ पालिकाध्यक्ष पद की निर्दलीय उम्मीदवार फरहाना यासीन के समर्थक हैं। आरोप है कि बुधवार दोपहर में मतदान के दौरान दूसरी प्रत्याशी के देवर ने इन्हें धमकाया तो विवाद हुआ था। हालांकि मामला निपट गया था।
शाम के वक्त बबलू के साथ उसके कार्यालय पर समर्थक बैठे थे। आरोप है कि दूसरी प्रत्याशी के परिजन और कुछ समर्थक वहां पहुंच गए और विवाद के बाद लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। तब दोनों पक्षों में टकराव हो गया। पत्थर भी फेंके गए। जिसमें मोहम्मद सरफराज, मोहम्मद यूसुफ, मोहम्मद सददीक, मकसूद निवासी मोहल्ला भूड़ा घायल हो गए। परिजन और अन्य लोग घायलों को लेकर थाने पहुंचे। कार्रवाई की मांग को लेकर दरोगा का घेराव कर लिया। तीन लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा।
दूसरे पक्ष से हाजी मेंबर शकील ने कहा कि उनके समर्थक मोहल्ला भूड़ा से अपने कार्यालय पर आ रहे थे। रास्ते में कुछ लोगों ने छींटाकशी की। इसके बाद बात बढ़ गई। दोनों तरफ से मारपीट हुई। मारपीट में तीन समर्थक भी घायल हुए हैं। मेरे किसी समर्थक या परिजन ने दूसरे पक्ष के घर पर जाकर मारपीट नहीं की है। इसके बावजूद आरोप लगाए जा रहे हैं। प्रशासन इसमें निष्पक्ष जांच कराए।