गुन्नौर (संभल)। क्षेत्र का एक सराफ लोगों को नकली जेवर बेचकर, गिरवी रखे जेवर और ब्याज के लाखों रुपये लेकर भाग गया। जानकारी होने पर लोग परेशान हैं। पुलिस तहरीर मिलने पर कार्रवाई की बात कह रही है।
गुन्नौर के सराय मोहल्ला का रहने वाला व्यक्ति करीब सात आठ साल से तहसील रोड पर सराफा की दुकान चलाता था। वह सोने चांदी की जेवर बेचने और जेवर गिरवी रखकर पैसे ब्याज पर देने का काम करता था। उसने कई लोगों से ब्याज भी पैसा भी उधार लिया। जानकारी के अनुसार 29-30 अगस्त की रात ज्वेलर अपने परिवार के साथ गायब हो गया। दुकान और घर का सामान भी भरकर ले गया। जिस मकान में वह रहता था, उसे 15 दिन पहले उसने बेच दिया। बुधवार को लोगों को उसके गायब होने की जानकारी हुई। जिसके बाद उससे संपर्क रखने वाले लोग सक्रिय हुए। अभी तक सामने आया है कि सराफ काफी लोगों के जेवर, पैसे लेकर भागा है। उसकी दुकान से बेचे गए जेवर की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठे हैं। हालांकि अभी तक किसी व्यक्ति ने सराफ के खिलाफ तहरीर नहीं दी है।
बोले लोग
अपने भाई से तीन साल पहले दस लाख रुपये रुपये ब्याज पर दिलाए थे। जिसमें से छह लाख रुपये वापस मिल गए, शेष चार लाख रुपये जल्द ही देने का वादा किया था। -श्रीगोपाल, रसूलपुर
सोने की चेन गिरवी रखकर 57 हजार रुपये लिए थे। 20 दिन पहले हिसाब कर दिया, 19 हजार रुपये देकर चेन वापस लेनी थी। उसने एक सितंबर को बुलाया था। पता चला वह दुकान बंद करके भाग गया। -रामवीर सिंह, रसूलपुर
वर्जन
ज्वेलर लोगों के पैसे और जेवर लेकर भागा है, ऐसी जानकारी मिली है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी। -विनीत कुमार, प्रभारी निरीक्षक, गुन्नौर