चंदौसी। तहसील में कार्यरत राजस्व संग्रह अमीनों ने शनिवार को दाखिला दिवस था। इसके बाद नायब तहसीलदार निश्चय कुमार ने समस्त संग्रह अमीनों के साथ राजस्व वसूली को लेकर बैठक की। संग्रह अमीनों का आरोप है कि बैठक के दौरान नायब तहसीलदार ने संग्रह अमीनों के साथ अमर्यादित भाषा शैली का प्रयोग किया। यहां तक कि अमीनों को निलंबन व बर्खास्तगी की धमकी दी गई। इस पर समस्त अमीनों ने रोष व्यक्त कर समीक्षा बैठक का बहिष्कार कर दिया। इससे पूर्व उत्तर प्रदेश राजस्व संग्रह अमीन संघ के जिलाध्यक्ष दो अप्रैल को नायब तहसीलदार पर अभद्रता का आरोप लगाकर जिलाधिकारी से शिकायत कर चुके हैं। साथ ही उनकी शिकायत शासन, प्रदेश संगठन व मुख्यमंत्री से भी शिकायत की जा चुकी है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि नायब तहसीलदार के व्यवहार से क्षुब्ध होकर संग्रह अमीनों ने बैठक कर निर्णय लिया है कि जब तक नायब तहसीलदार का स्थानांतरण नहीं हो जाता तब तक उनके आदेशों का बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही अमीन वसूली कार्य करते रहेंगे। अगर किसी भी संग्रह अमीन के साथ अप्रिय घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी नायब तहसीलदार की होगी। इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष जगत देव, मंत्री दीपक कपूर, रामानंद शर्मा, सतीश दिवाकर, रेवत सिंह, सोहन लाल, कृष्ण कुमार शर्मा मौजूद रहे।