थाना रजपुरा क्षेत्र के गांव सिंघौली निवासी शिवनेंद्र (21) पुत्र करन सिंह की मौत हुई है। रविवार को शाम छह बजे युवक के परिजनों को जेल प्रशासन ने फोन पर बीमार होने की सूचना दी। परिजन अस्पताल पहुंचे तो युवक मृत मिला।
युवक के पिता ने बेटे को जहर देकर मारने का आरोप लगाया है।
थाना रजपुरा क्षेत्र के गांव सिंघौली निवासी धर्मेंद्र (23) पुत्र उरमान सिंह की 12 जुलाई को हत्या हो गई थी। हत्या के आरोप में गांव के ही धर्मेंद्र के दो दोस्तों शिवनेंद्र और सोनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने 14 जुलाई को दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया था। तब से ही शिवनेंद्र और सोनू जेल में बंद थे। शिवनेंद्र के पिता करन सिंह ने बताया रविवार को शाम छह बजे जेल प्रशासन की ओर से फोन पर बीमार होने की सूचना दी। परिजन बदायूं जिला अस्पताल पहुंचे तो शिवनेंद्र मृत मिला। युवक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
परिजन शिवनेंद्र का शव गांव लाए। इसके बाद अनूपशहर में शव का दाह संस्कार कर दिया गया है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मां शुकंतला देवी रो रोकर बदहवास हैं। शिवनेंद्र की मौत का पोस्टमार्टम में खुलासा नहीं हो सका है। बदायूं में चार चिकित्सकों ने शिवनेंद्र का पोस्टमार्टम किया। टीम में शामिल डा. आरएस यादव, डा. एके गुप्ता, डा. आशु अग्रवाल और डा. एमए सिद्दीकी ने बताया कि मौत के कारण स्पष्ट नहीं हुए हैं। बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।