संभल। तामिलनाडु सरकार में युवा कल्याण मंत्री और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन द्वारा सनातन धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बयान करने के विरोध में संभल में सनातन धर्म बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले प्रदर्शन किया गया। सरथल चौकी से लोग जुलूस निकालते हुए और नारेबाजी करते हुए शंकर चौराहे पर पहुंचे। यहां राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। इसमें कहा है कि उदयनिधि स्टालिन ने अपने एक्स अकाउंट में लिखा है कि ऐसे शून्य इतिहास वाले सनातनियों को जनता के सामने उजागर करने के लिए डीएमके के कामरेड को साधुवाद। हम फासिस्टों को चुनावी मैदान में हराएंगे और सनातन को खत्म करेंगे।
उन्होंने सम्मेलन में यह भी कहा कि सनातन धर्म मलेरिया और डेंगू की तरह है, इसलिए इसे खत्म किया जाना चाहिए। वह नरसंहार का आह्वान कर रहे हैं। भारत की 80 फीसदी आबादी जो सनातन धर्म का पालन करती है, उसके लिए यह बयान घोर आपत्तिजनक है। नरसंहार की बात सीधे सीधे भारतीय संविधान को चुनौती है। वोट बैंक के लिए हिंदू धर्म की अवहेलना कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में यह लोग देश की अखंडता एवं एकता के लिए घातक है और इन कठोर कार्रवाई होनी जरूरी है। जिससे देश में शांति कायम रहे। इस दौरान मुकेश गोयल, शंकर शर्मा, नमन शर्मा, भीकम सिंह, अरविंद प्रजापति, प्रमोद सैनी, शोभित शास्त्री, हर्षित शर्मा, राकेश कुमार, गौरव शर्मा, अभिषेक राय, प्रेमपाल, मुनेश आदि रहे।