चंदौसी। नगर पालिका परिषद के सभागार कक्ष में बुधवार को हुई बैठक में जमकर हंगामा हुआ। यही नहीं बैठक की कार्रवाई लाइव प्रसारण के शक में एक पोर्टल संचालक को सभागार कक्ष के बाहर ले जाकर पालिकाध्यक्ष के पति और परिजनों ने हाथापाई भी की। इस बीच एजेंड़े में शामिल सभी 14 प्रस्ताव पास हो गए हैं। सभासदों ने पहली बोर्ड में पास हुए प्रस्तावों पर हुए कार्यों की जानकारी चाही तो ईओ संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। ईओ के सवाल पर जेई निर्माण ने पिछली बैठक के स्वीकृत एजेंड़े की प्रतिलिपि न मिलने की बात कहते हुए पल्ला झाड़ दिए। इस पर ईओ व जेई में तकरार भी हुई।
बुधवार को नगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में पालिकाध्यक्ष लता की अध्यक्षता में बुधवार सुबह 11 बजे पालिका बोर्ड की बैठक शुरू हुई। ईओ आरके भार्गव ने बैठक का एजेंड़ा पढ़कर सुनाया और इसके बाद सभी बिंदुओं पर चर्चा हुई। सभासदों ने शहर की जलनिकासी, पीने के पानी की व्यवस्था, जलनिगम के कार्य, पथ प्रकाश व्यवस्था, वाटरकूल की समस्या, पूर्व बैठक के एजेंड़े को बोर्ड बैठक में शामिल न करने पर विरोध जताया। इसके बाद एजेंड़े में शामिल सभी बिंदुओं पर चर्चा हुई। पालिका के कार्यालय के स्थान पर बाजार बनाने के प्रस्ताव पर पहले नक्शा बनाकर आगामी बोर्ड बैठक में रखकर पास कराने पर सहमति बनी। वही डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन कर रही कंपनी टैरियर यूटिलिटी सर्विसेज चंडीगढ़ के कार्य पर असंतोष व्यक्त किया गया और सर्वसम्मति से उनका टेंडर निरस्त पर सहमति बनी। बैठक में सभासद तरुण नीरज, अनुराग अग्रवाल, हरिश अरोरा, सुलेखा देवी, जाकिर सलमानी, अमन कोली, निदा कादरी, सचिंद्र यादव, जेई जलकल अनुज कुमार, जेई निर्माण केके अग्रवाल, सफाई निरीक्षक सुनील कुमार, प्रियंका सिंह, नरेश कुमार, आशीष कुमार आदि रहे।
बोर्ड मीटिंग चल रही थी। सभासद प्रस्तावों पर चर्चा कर रहे थे। इस दौरान के चेयरमैन पति अखिलेश खिलाड़ी वहां पहुंचे और बैठक के हंगामे की लाइव वीडियो चलाने की बात कहते हुए एक पोर्टल संचालक हाथ पकड़कर सभागार कक्ष से बाहर ले गए। वहां पर अखिलेश खिलाड़ी के भाई व उनके सहयोगी थे। जिन्होंने के साथ हाथापाई की और मोबाइल छीन लिया। इस मामले में पीड़ित ने चेयरमैन के पति, उसके परिजनों व अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
पूर्व ईओ ने एक जोन को स्वत: कर लिया हैंडओवर
नगर पालिका में जलनिगम सात जोन में काम कर रहा है। पूर्व ईओ विजयपाल ने एक जोन को बिना जेई की रिपोर्ट के स्वत: ही हैंडओवर कर लिया था। इस पर सभासदों ने विरोध किया। जेई ने सफाई दी, उनकी ओर से इस मामले में संस्था को पत्र लिखा जा चुका है।
नहीं आ रहा घरों में पानी समस्या:
पीने के पानी की समस्या के लिए सभासद सुलेखा, निदा कादरी ने कहा कि पिछले 15 दिन से अधिक समय से कई मोहल्लों में पानी की समस्या बनी हुई। नई पाइप लाइन के लीकेज ठीक नहीं हो रहे हैं, पुरानी लाइन को ठीक करने कर्मचारी नहीं आ रहे हैं। इस पर जेई जलकल से सभासदों की नोकझोंक भी हुई। जेई जलकल ने समस्याओं से उन्हें अवगत कराने और उनका समाधान कराने का आश्वासन दिया।
बोर्ड मीटिंग के एजेंडे ये बिंदु हुए पास:
- डोर टू डोर कूड़ा कंपनी टेरियर यूटिलिटी सर्विसेज पर ठेके के अनुबंध का उल्लंघन का आरोप, ठेका होगा निरस्त।
- नगर पालिका के दुकानों का शासकीय सर्किल रेट पर किराया बढ़ाया जाए, आमदनी बढेगी।
- पालिका की विभिन्न अनुपयोगी, निष्प्रयोज सामग्री की नीलामी होगी। इससे पहले पूर्व में खरीदे गए सामान और वेस्ट सामान की सूची बनेगी।
- हनुमानगढ़ व बदायूं चुंगी में जल निकासी की कार्य योजना बनेगी। इसके पालिका अपनी जमीन देकर पानी निकासी के लिए दूसरी जमीन लेगी। जमीन का विनियमितीकरण होगा।
- नागरिकों को सुविधा देने के लिए अक्तूबर माह तक गृह कर जलकर में दस प्रतिशत की छूट का अनुमोदन पास हुआ है।
- नगर पालिका चंदौसी में कार्यरत जेई निर्माण केके अग्रवाल, सफाई निरीक्षक प्रियंका सिंह की कार्यशैली को लेकर उनके विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पास हुआ।
- नगर पालिका के पुराने कार्यालय के स्थान पर बाजार बनाने पर सहमति बनी, पर इससे पहले पालिका वहां नक्शा बनाएगी और उसे स्वीकृति के लिए आगामी बोर्ड मीटिंग में रखा जाएगा। इसके बाद बोर्ड उस पर सहमति देगा।
- गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन, तीन पोर्टेबल कांपेक्टर मशीन, एक नग हुक लिफ्ट सिस्टम की आपूर्ति की जाएगी।
- नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष द्वारा कुछ लोगों को भवन विक्रय के लिए 25 प्रतिशत की धनराशि जमा की गई थी, उसको निरस्त का धन राशि को वापस किया जाएगा।
- नगर पालिका के सेवानिवृत पेंशनर कर्मचारियों की बकाया धनराशि भुगतान के लिए शासन से विशेष अनुदान पत्र भेजा जाएगा।
- नगर में आवारा पशु, डेयरी, भवन स्वामियों के यहां पल रहे पशुओं की गणना कराई जाएगी।
पिछली बोर्ड के स्वीकृत कार्य एजेंड़े में न शामिल न होने पर जताई नाराजगी
नगर पालिका बोर्ड की मीटिंग शुरू होने के काफी देर बाद सभासद तरण नीरज, अनुराग अग्रवाल ने आपत्ति जताई कि पिछली बैठक के स्वीकृत कार्यों की प्रगति रिपोर्ट में शामिल नहीं है। ईओ आरके भार्गव ने जेई निर्माण से कहा कि वह बताएं पिछली बैठक में स्वीकृत कौन कौन से काम हो गए हैं। जेई निर्माण केके अग्रवाल ने तपाक से जवाब किया कि उन्हें पालिका की ओर से बोर्ड बैठक के स्वीकृत एजेंड़े की कॉपी उपलब्ध नहीं कराई गई। इसको लेकर पूरे सदन ने बोर्ड की निंदा भी की।
बोर्ड की बैठक में कुछ सुझाव व परिवर्तन के साथ सभी बिंदु पास हो गए हैं। जो कमियां इस बैठक में रह गई थीं, उन्हें आगामी बैठक में दूर कर लिया जाएगा। एक व्यक्ति द्वारा उन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास किया गया जो स्वयं को पत्रकार बता रहा था। वह मेरे पीछे खड़ा होकर मुझे डिस्टर्ब कर रहा था। इस कारण मुझे परिजनों का सहयोग लेना पड़ा। सदन के काम में उसने बाधा पहुंचवई है उसके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
लता ,पालिका अध्यक्ष नगर पालिका चंदौसी