चंदौसी। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहे धरने के 196वें दिन काफी संख्या में भाकियू कार्यकर्ता आंदोलन में शामिल होने के लिए बुधवार को संभल के गवां क्षेत्र से रवाना हुए।
भाकियू पदाधिकारी प्रदेश प्रमुख महासचिव विजेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में रजपुरा थाने की पुलिस टी प्वाइंट चौकी पर करीब दोपहर 12 बजे एकत्र हुए। केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की।
दिल्ली बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन में शुरू से ही संभल जनपद के कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। लगातार आने जाने का क्रम लगा हुआ है। वक्ताओं ने कहा कि यह लड़ाई किसानों के अस्तित्व की लड़ाई है और अपनी भूमि बचाने और अपने बच्चों को मजदूर बनाने से रोकने वाली है। किसानों ने प्रण किया है कि जब तक तीन कृषि कानून वापस नहीं होते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
सरकार लगातार किसानों की अनदेखी कर रही है और हठधर्मिता अपनाए हुए है। अहंकार में चूर है और किसान सरकार का अहंकार तोड़ेंगे। कहा कि किसान तीनों कृषि कानूनों को वापस कराकर ही लौटेंगे। इस दौरान वीरेश यादव, नीरज यादव, ओमप्रकाश, पंकज कुमार यादवेन्द्र यादव, नरेंद्र सिंह, अमर सिंह राजपूत, कैप्टन सर्वेश कुमार, मुकेश यादव, संजीव यादव, नीरज यादव, पंकज, ओमप्रकाश, तेजपाल सिंह, प्रदीप कुमार आर्य, महावीर शर्मा, काले यादव, आदि शामिल रहे।