कोतवाली क्षेत्र के गांव घुघईया में मंगलवार की शाम को पुलिस की मौजूदगी में अनुसूचित वर्ग की बेटी की बरात चढ़ी। गांव के अन्य बिरादरी के लोगों की धमकी के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और अशांति फैलाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
अनुसूचित वर्ग की बेटी की बरात मंगलवार को आई। मगर गांव के अन्य बिरादरी के लोगों ने उसकी मां को धमकी दी कि गांव में उसकी बेटी की बरात नहीं चढ़ने दी जाएगी। इस पर महिला घबरा गई और सोमवार को कोतवाली पहुंच पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा।
महिला ने बताया कि गांव के कुछ लोग पुत्री की बरात नहीं चढ़ने की धमकी दे रहे हैं। महिला की शिकायत का पुलिस व प्रशासन ने संज्ञान लिया और महिला से कहा कि बरात चढ़ने में कोई दिक्कत नहीं आएगी।
मंगलवार की शाम क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिद्धू व प्रभारी निरीक्षक एनके सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और ग्रामीणों के साथ बैठक की, तब ग्रामीणों ने कहा कि बरात चढ़ने से कोई परेशानी होने से इंकार कर दिया।
इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को लिखित में आश्वासन दिया कि बरात चढ़त के दौरान किसी ग्रामीण द्वारा कोई भी गतिविधि नहीं की जाएगी। शाम पुलिस को निगरानी के बीच दलित की बेटी की बरात गांव में धूमधाम से चढ़ाई गई।
गांव के कुछ लोगों पर बेटी की बरात न चढ़ने की धमकी देने का आरोप लगाया था। घटना का जानकारी होने पर पुलिस ने गांव में पहुंच ग्रामीणों के साथ बैठक की। ग्रामीणों ने बरात चढ़त में किसी प्रकार के व्यवधान उत्पन्न न करने की बात कही। पुलिस मौजूदगी में बरात चढ़ाई गई।
आलोक कुमार सिद्धू, सीओ गुन्नौर