बहजोई। गो आश्रय स्थलों के निर्माण में लापरवाही पर डीएम की ओर से ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं ने पशुओं के कम संरक्षण को लेकर विकासखंड जुनावई व रजपुरा के बीडीओ व बच्चों के कुपोषण को दूर करने में रुचि न लेने वाले सचिवों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा। मौका था डीएम की ओर से की गई कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित ग्राम्य विकास व पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक का। वहीं डीएम मनीष बंसल ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर बन रहे पुस्तकालयों में प्रकाश की उचित व्यवस्था की जाए। सबसे पहले डीएम ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत सरकारी स्कूलों के कक्षा-कक्षों में टाइल्स लगाए जाने को लेकर समीक्षा की। ग्राम्य विकास व पंचायती राज विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए डीएम का कहना था कि सभी बीडीओ ध्यान दें कि सरकारी स्कूलों के कक्षा कक्षों में टाइल्स लगाए जाने के काम में तेजी लाई जाए। पवांसा ब्लॉक की जिन ग्राम पंचायतों में कक्षा कक्षों में टाइल्स लगाए जाने के लिए धनराशि का अभाव है। डीपीआरओ की ओर से इन ग्राम पंचायतों का सत्यापन किया जाए। इसके अलावा बैठक में स्कूलों में मनरेगा के तहत बनाई जाने वाली बाउंड्री वॉल को लेकर भी बातचीत की गई। डीएम ने कहा कि बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य शुरू न होने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय है। वहीं डीएम ने पोषण अभियान के तहत बच्चों के कुपोषण को दूर करने में रुचि न लेने वाले ग्राम पंचायत अधिकारियों के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि देने को कहा। डीपीआरओ से कहा गया कि विकासखंड संभल की ग्राम पंचायत ईसापुर सुनवारी में आवंटित की गई धनराशि की जांच कराई जाए। इसके अलावा डीएम ने गो आश्रय स्थलों के निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में ग्राम विकास अधिकारी उमेश कुमार को निलंबित करने को कहा। डीएम ने जिले भर के बीडीओ से कहा कि पशुपालकों से मिलकर पशुओं का आंकलन करें। पशु छोड़ने वालों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई जाए। इस बीच डीएम ने लक्ष्य की तुलना में पशुओं का कम संरक्षण करने को लेकर विकासखंड जुनावई व रजपुरा के बीडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा। बैठक में सीडीओ कमलेश सचान समेत सीवीओ डॉ. मुन्नालाल यादव, डीआईओ बृजेश कुमार, डीपीआरओ जाहिद हुसैन, बीएसए चंद्रशेखर, डीएसटीओ रत्नेश कुमार व डीसी सिविल सचिन सक्सेना तथा जिले भर के बीडीओ रहे।