बरात चढ़त के दौरान दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में दूल्हा विजय समेत करीब दर्जन भर लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य कर घायलों को बाहर निकाला।
बरात चढ़त के दौरान जैसे ही दूल्हा दुल्हन के दरवाजे पर पहुंचा और महिलाओं ने तिलक करने की रस्म शुरू की तभी पुरानी बनी दीवार गिर पड़ी। उसके नीचे दूल्हा समेत समेत दर्जन भर लोग दब गए।कस्बा के बस स्टैंड बस्ती निवासी महावीर की बेटी की बरात शनिवार की शाम आई थी।
विज्ञापन
शनिवार को रात करीब 11 बजे बरात वधू पक्ष के दरवाजे पर पहुंची तो महिलाएं दूल्हे का तिलक करने लगीं। इसी दौरान पास में ही स्थित पुरानी दीवार भरभरा कर गिर गई। हादसे के बाद अफरातफरी का माहौल हो गया। मोहल्ले के लोगों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में दूल्हा विजय, दूल्हे के ताऊ कालीचरण, बहनोई विकास कुमार निवासी कैल थाना बबराला के अलावा अमित निवासी बाघोल, थाना जरीफनगर, प्रशांत, शिवम, सरदीप, पंकज, धर्मेंद्र व हरिश्चंद निवासी बस स्टैंड बस्ती, विशाल निवासी रसूलपुर, थाना इस्लामनगर आदि दर्जन भर लोग घायल हो गए।
विज्ञापन
घायलों में बालक हरिश्चंद के दोनों पैरों में फैक्चर होने के कारण उसे चंदौसी में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद दो घंटे तक शादी की रस्में रोकनी पड़ीं। परिजनों ने रास्ते में पड़ी ईंट हटा कर रास्ता साफ किया, इसके बाद शादी की रस्में पूरी कराई गईं।