संभल बवाल में उपद्रवियों द्वारा की गई आगजनी और तोड़फोड़ में 20 लाख की सरकारी गाड़ियां, 2 लाख की बिजली लाइन सहित अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। प्रशासन नुकसान का आकलन कर उपद्रवियों से वसूली की प्रक्रिया शुरू करेगा।
संभल बवाल के दौरान उपद्रवियों ने आगजनी और तोड़फोड़ की थी। इसमें पुलिस की गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त किया गया था। अधिकारियों की गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गई थीं। इसके अलावा लोगों के मकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी भी तोड़ दिए थे। उपद्रवियों द्वारा किए गए नुकसान का प्रशासन द्वारा आकलन कराया जा रहा है।
विज्ञापन
परिवहन विभाग ने चार कार और छह बाइकों के नुकसान की 20.20 लाख रुपये की रिपोर्ट बनाकर एडीएम को सौंप दी है। इसी तरह बिजली विभाग ने आगजनी के दौरान लाइन जलने पर दो लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया था।
अन्य क्षति के आकलन के लिए राजस्व विभाग की टीम को लगाया था लेकिन अभी रिपोर्ट तैयार नहीं कर सकी है। एसडीएम को यह रिपोर्ट तैयार करानी है। इन तीनों रिपोर्ट की समीक्षा के बाद उपद्रवियों से वसूली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
संभल बवाल की भड़काऊ पोस्ट वायरल करने पर केस
जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुए बवाल में भड़काऊ पोस्ट करने पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह रिपोर्ट साइबर क्राइम थाने में तैनात दरोगा अनिल कुमार ने दर्ज कराई है। दरोगा ने दी तहरीर में बताया है कि 24 नवंबर को संभल जामा मस्जिद सर्वे के दौरान उपद्रव हुआ था।
विज्ञापन
इसे लेकर सोशल मीडिया पर निगरानी की जा रही है। जांच में सामने आया कि सोशल मीडिया पर एक एमडी मोमिन हुसैन नाम के चैनल पर वीडियो दिखाई दी। इसमें मस्जिद के अंदर तोड़फोड़ दिखाई गई है। जबकि, मस्जिद को कोई क्षति नहीं पहुंची है। इस तरह की वीडियो माहौल बिगाड़ सकती है।
वीडियो के आधार पर अज्ञात यूजर्स के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि सोशल मीडिया पर निगरानी की जा रही है। जांच में बवाल से जुड़ा वीडियो सामने आया जो एडिट कर बनाया गया था। इसमें अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट चैनल के नाम को जोड़ते हुए दर्ज की गई है।