अमरोहा निवासी बीए के छात्र गौरव ने असमोली क्षेत्र में बीएससी छात्रा प्रतीक्षा को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। छात्रा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। परिजनों ने युवक पर पीछा करने और धमकी देने का आरोप लगाया है।
असमोली थाना क्षेत्र के गांव हरथला के नजदीक अमरोहा जिला निवासी बीए के छात्र गौरव ने बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा प्रतीक्षा (19) को गोली मार दी। इसके बाद खुद आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
विज्ञापन
साथ ही छात्र का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। छात्रा के परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी का युवक पीछा करता था और बात नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देता था। शनिवार की दोपहर करीब पौने तीन बजे छात्रा पाकबड़ा के नजदीक स्थित एक कॉलेज से पढ़कर अपने घर लौट रही थी।
रास्ते में पहले से मौजूद अमरोहा जिले के थाना देहात अंतर्गत गांव कड़ापुर निवासी गौरव गुर्जर ने छात्रा को रोक लिया और कहासुनी के बाद 315 बोर के तमंचे से गले पर गोली मार ली। दूसरी गोली अपनी कनपटी से तमंचा सटाकर चला दी।
विज्ञापन
जिसमें गौरव गुर्जर की जान चली गई। छात्रा की गंभीर हालत है। छात्रा के पिता परिषदीय विद्यालय में शिक्षक हैं। छात्रा की मां ने बताया कि युवक काफी समय से उनकी बेटी का पीछा कर रहा था। बात करने के लिए मजबूत करता था।
बात नहीं करने पर धमकी देता था। बात नहीं करने पर ही तमंचे से गोली मार दी। घटना की सूचना पर एसपी पहुंचे। मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि छात्रा की हालत में सुधार है। उपचार चल रहा है।
गोली गले में लगी है। आरोपी ने आत्महत्या कर ली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
प्राथमिक जांच पड़ताल में छात्रा को बुलाकर युवक के गोली मारने की जानकारी मिली है। आगे की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। छात्रा की हालत में भी काफी सुधार है।- कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी, संभल।