संभल। शहर में हुए बवाल में शामिल तीन और आरोपियों को बृहस्पतिवार को अलग-अलग इलाके से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन आरोपियाें की गिरफ्तारी वीडियो से पहचान होने के बाद की गई है। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि जामा मस्जिद सर्वे के दौरान उपद्रव करने वाले आरोपियों में शामिल चौधरी सराय निवासी फैजान, मोहल्ला देहली दरवाजा निवासी आमिर पठान और कोटगर्वी निवासी मोहम्मद अली को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बीते रविवार को हुए बवाल के बाद तीन महिलाओं समेत 27 आरोपियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। अब तीन और आरोपी जेल भेजे गए हैं। संभल कोतवाली में पांच एफआईआर और नखासा थाने में दर्ज हुईं दो एफआईआर में 40 नामजद और 2750 अज्ञात आरोपियों पर जानलेवा हमला, लूट, सरकारी कार्य में बाधा और बलवा करने समेत कई गंभीर धाराएं लगाई गईं हैं। इन्हीं एफआईआर में आरोपी बनाए गए आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी हैं। सीसीटीवी फुटेज, ड्रोन कैमरे की रिकॉर्डिंग और मोबाइल से बनाई गई वीडियो के आधार पर पुलिस उपद्रवियों की तलाश में जुटी है। एसपी ने बताया कि जो उपद्रवी हैं, उनको छोड़ा नहीं जाएगा और निर्दोष लोगों को भयभीत होने की जरूरत नहीं है। वह अपनी सामान्य दिनचर्या बनाएं। शांति बनाए रखें और दूसरे लोगों को भी शांति बनाए रखने के लिए जागरूक करें।
पुलिस से लूटे कारतूस और बवाल में इस्तेमाल किए तमंचे बरामद
कोतवाली पुलिस ने बवाल के आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस से लूटे गए कारतूस और बवाल के दौरान इस्तेमाल किए तमंचे बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि बवाल के बाद जो आरोपी पकड़े गए थे, उनसे पूछताछ की गई थी। उसी पूछताछ के दौरान अलग-अलग स्थानों से दो रबर बुलेट, दो आंसू गैस के गोले और 312 बोर के दो कारतूस बरामद किए हैं। यह सामान पुलिस से लूटा गया था। इसके अलावा उपद्रवियों ने तमंचे का इस्तेमाल किया था। उनमें से तीन तमंचे और दो खोखे बरामद हुए हैं।
उपद्रवियों के पोस्टर जारी किए, मुख्य चौराहों पर चस्पा किए जाएंगे
उपद्रवियों के पुलिस ने पोस्टर बनाकर जारी कर दिए हैं। इन पोस्टर को मुख्य चौराहों पर चस्पा किया जाना बाकी है। अभी भी वीडियो और फोटो के माध्यम से पोस्टर बनवाने की तैयारी है। 250 से ज्यादा उपद्रवियों को ही पोस्टर बनाए गए हैं। एसपी का कहना है कि जो भी इन उपद्रवियों की पहचान बताएगा, उसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी जाएगी। इसका इनाम भी पुलिस द्वारा सूचना देने वाले व्यक्ति को दिया जाएगा।
बवाल का वीडियो वायरल करने में एक का शांतिभंग में चालान
रविवार को हुए बवाल का वीडियो चौधरी सराय निवासी फरहत ने वायरल किया तो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की गई है। आरोपी ने बवाल का वीडियो बुधवार को वायरल किया था। पुलिस की सोशल मीडिया निगरानी टीम की नजर में आया तो कार्रवाई की गई। एसपी ने बताया कि भड़काऊ पोस्ट करने पर कार्रवाई की जाएगी। इसलिए सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर टीम की निगरानी है।