सीसीटीवी कैमरों से हो रही निगरानी
कलक्ट्रेट परिसर में नामांकन के लिए कड़ी व्यवस्था की गई। कलक्ट्रेट के मुख्य गेट से अंदर तक चार स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं। पुलिस बल तैनात है। साथ ही नामांकन कक्ष के बाहर व अंदर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है।
चेकिंग के बाद मिला कलक्ट्रेट में लोगों को प्रवेश
लोकसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा। शुक्रवार को सुबह से ही कलक्ट्रेट के सभी द्वारों पर पुलिस की तैनाती हो गई। कलक्ट्रेट के सीडीओ दफ्तर वाले द्वार को पूरी तरह से बंद रखा गया। वहीं द्वार संख्या एक व पैट्रोल पंप के निकट वाले द्वार पर पुलिस की तैनाती रही।
द्वार संख्या एक पर तैनात पुलिसकर्मी सभी लोगों को चेकिंग कर कलक्ट्रेट परिसर में प्रवेश करने दे रहे थे। इसके अलावा बड़ा मैदान वाले द्वार से नामांकन कक्ष तक लगी बैरिकेडिंग से होकर प्रत्याशी व प्रतिनिधि नामांकन पर्चा लेने के लिए प्रवेश कर रहे थे।
यहां भी पुलिस की कड़ी निगरानी थी। सुरक्षा को लेकर बड़ा मैदान के द्वार व नामांकन कक्ष के द्वार पर लगी डीएफएमडी में से होकर प्रत्याशी व प्रतिनिधि पर्चा लेने आ रहे थे। यहां सिविल पुलिस समेत एलआईयू कर्मियों की तैनाती थी। इस बीच नामांकन कक्ष के आसपास वाहनों को भी खड़ा नहीं होने दिया गया।