गुन्नौर सीएचसी पर गुरुवार के टीकाकरण के दौरान वैक्सीन निकालते समय 103 वॉयल जमी हुई मिलीं। इसके चलते वहां टीकाकरण प्रक्रिया देरी से शुरू हो सकी।
गुन्नौर सीएचसी के एमओआईसी डॉ. पवन कुमार ने बताया कि सुबह नौ बजे से कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण शुरू होना था। फ्रीजर से वैक्सीन निकाली तो 103 वॉयल में नीचे की ओर वैक्सीन जमी हुई मिली।
कोल्ड चेन मेंटेन करने के लिए फ्रीजर का तापमान दो से आठ डिग्री सेल्सियस के बीच सेट किया था लेकिन तापमान मेंटेन रखने वाले स्टेबलाइजर के ऑटो कट न लेने से तापमान दो डिग्री सेल्सियस से कम हो गया। इस सूचना पर सीएमओ खुद दूसरी वॉयल लेकर पहुंचे। इसके बाद सुबह 11.45 बजे टीकाकरण शुरू हो सका।
सीएमओ ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अजय वर्मा और डा. रामजी लाल की जांच टीम बनाई है। इस बीच गुन्नौर और जुनावई के प्रभारी चिकित्साधिकारियों से स्पष्टीकरण भी मांगा है। कोल्ड चेन को बनाए रखने के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों से भी जवाब-तलब किया गया है।