बहजोई। थाना पर पहुंचने वाली प्रत्येक महिला को सम्मान देते हुए उसकी बात सुनी जाए। यह बात जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कही। वह कलक्ट्रेट सभागार में जिले भर के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था को लेकर बैठक कर रहे थे।
गुरुवार को बैठक के दौरान डीएम ने कहा कि महिला संबंधी सभी मामलों में सम्मान सहित वार्ता करते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए। किसान आंदोलन को लेकर जनसभा व ट्रैक्टर मार्च पर रोक लगाए जाने की बात कही। पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने कहा कि लंबित विवेचनाएं शीघ्र निपटाते हुए गंभीर मामलों में आरोपियों को सजा दिलवाए जाने के लिए पूरी पैरवी की जाए। महिलाओं से जुड़े मामलों में शीघ्र कार्रवाई की जाए। अपर जिला अधिकारी कमलेश कुमार अवस्थी व अपर पुलिस अधीक्षक आलोक जायसवाल समेत जिले भर के क्षेत्राधिकारी, कोतवाली प्रभारी व थानाध्यक्ष मौजूद रहे।